Raipur Drug Tablets: रायपुर पुलिस ने नशीली दवा की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 2,100 नाइट्राजेपम टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महादेवघाट विसर्जन कुंड के पास ग्राहक की तलाश में घूम रहा था। जब्त की गई टैबलेट की अनुमानित कीमत करीब 8.40 लाख रुपए बताई गई है।
ओडिशा से लाए नशीली गोलियां
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद असजद (30) के रूप में हुई है, जो डंगनिया स्थित शांति विहार कॉलोनी का निवासी है। पूछताछ के दौरान उसने नशीली गोलियां ओडिशा से लाने की जानकारी दी। उसके पास दवाओं को रखने और बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।
गोलियां बेचने की फिराक में था युवक
महादेवघाट विसर्जन कुंड के पास प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने की सूचना मिलने पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 2,100 नाइट्राजेपम टैबलेट बरामद की गईं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ डीडी नगर थाना में NDPS एक्ट की धारा 22(C) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में नशीली दवाओं की खरीद, परिवहन और बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
अब तक 207 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस के अनुसार, कमिश्नरेट क्षेत्र में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 94 मामलों में 207 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में गांजा, नशीली टैबलेट, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम और अन्य मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री और अन्य संपत्तियों की कुल कीमत 7.19 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई है।

