Raipur News: महानदी किनारे झाड़ियों में मिले 2 शव, एक महिला की लाश; पहचान में जुटी पुलिस

Raipur News: रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र के चिखली गांव में महानदी किनारे झाड़ियों में दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव नदी के तेज बहाव में बहकर किनारे तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने नदी किनारे शवों को देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है।

दोनों शव काफी गल चुके हैं, जिसके कारण उनकी पहचान करने में परेशानी आ रही है। पुलिस महानदी से लगे जिलों और हाल में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के थानों से संपर्क कर लापता लोगों की जानकारी जुटा रही है, ताकि शवों की पहचान हो सके।

एक शव महिला का, दूसरे की पहचान नहीं

पुलिस के अनुसार बरामद दो शवों में से एक महिला का है, जबकि दूसरे शव की पहचान अभी नहीं हो पाई है। शवों की हालत खराब होने के कारण शिनाख्त करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से जानकारी का मिलान कर रही है।

बाढ़ के पानी में बहकर आने की आशंका

हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ गया था और कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी थी। पुलिस को आशंका है कि दोनों शव नदी के बहाव के साथ बहकर चिखली गांव तक पहुंचे हैं। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

डूबने और हत्या दोनों एंगल से जांच

पुलिस इस मामले की जांच कई पहलुओं से कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि दोनों लोगों की मौत नदी में डूबने से हुई हो सकती है। वहीं हत्या के बाद शवों को नदी में फेंके जाने की आशंका को भी जांच में शामिल किया गया है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण

सीएसपी लंबोदर पटेल ने बताया कि शुरुआती जांच में शव नदी के बहाव में बहकर आने की आशंका है। पुलिस आसपास के जिलों के थानों से संपर्क कर लापता लोगों की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस शवों की पहचान और मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *