CG Petrol Attack: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में घरेलू विवाद के चलते एक दामाद ने अपने ससुराल में घुसकर दादा और 6 साल के पोते पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना में दोनों करीब 20 प्रतिशत तक झुलस गए। पुलिस ने आरोपी दामाद भजन सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पत्नी के मायके जाने से नाराज था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, खालापार निवासी भजन सिंह का अपनी पत्नी संगीता से विवाद चल रहा था। मारपीट के बाद संगीता अपने मायके चली गई थी। करीब 4-5 दिन बाद भी पत्नी के वापस नहीं लौटने पर भजन सिंह उसे लेने ग्राम रामेश्वरम स्थित ससुराल पहुंचा।
वहां पत्नी नहीं मिली तो आरोपी ने अपने साले कल सिंह से विवाद किया। इस दौरान उसने ससुराल पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
रात में घर पहुंचकर सोते हुए लगाया आग
आरोप है कि देर रात भजन सिंह दोबारा ससुराल पहुंचा। उसने घर की टटरी खोलकर अंदर प्रवेश किया। उस समय 6 वर्षीय सत्यम सिंह अपने दादा जय सिंह के साथ एक ही बिस्तर पर कंबल ओढ़कर सो रहा था।
आरोपी ने दोनों पर पेट्रोल छिड़क दिया और माचिस से आग लगा दी। आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक दादा और पोता झुलस चुके थे।
अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद परिजनों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार दादा जय सिंह और पोता सत्यम सिंह करीब 20 प्रतिशत झुलसे हैं और उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी भजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


