CG Baby Murder: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में तीन माह की बच्ची की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पानी के ड्रम में बच्ची का शव मिलने के मामले में पुलिस ने उसके माता-पिता को गिरफ्तार किया है। दोनों नाबालिग होने के कारण उनकी पहचान गोपनीय रखी गई है। प्रारंभिक जांच में बच्ची की हत्या में दोनों की भूमिका सामने आई है।
आधी रात को गायब हुई थी बच्ची
पुलिस के मुताबिक, घटना 29 सितंबर की रात की है। परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब 2 बजे बच्ची के पिता ने परिजनों को बताया कि तीन माह की बेटी बिस्तर से गायब है।
इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने घर, आंगन और आसपास के क्षेत्रों में बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह ड्रम में मिला शव
अगली सुबह करीब 7:30 बजे बच्ची की दादी पानी भरने के लिए आंगन में रखे ड्रम के पास पहुंचीं। ड्रम के अंदर देखने पर बच्ची का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
बीमारी और आर्थिक तंगी से थे परेशान
पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची जन्म से ही अक्सर बीमार रहती थी। उसके इलाज और परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर माता-पिता तनाव में थे। शुरुआती जांच में इन्हीं कारणों को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।
जांच के बाद दोनों गिरफ्तार
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर बच्ची के माता-पिता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

