CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अब मानसून की विदाई के संकेत साफ नजर आने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और किसी भी जिले के लिए बारिश या खराब मौसम का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। गुरुवार को रायपुर में अधिकतम 33.4 डिग्री और न्यूनतम 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले दो दिन बारिश की संभावना कम
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। अगले दो दिनों तक भी बारिश की संभावना बेहद कम है। फिलहाल किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर में अधिकतम 32.8 और न्यूनतम 23.6 डिग्री, जबकि अंबिकापुर में अधिकतम 31 और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मानसून वापसी के लिए अनुकूल हालात
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा लगातार आगे बढ़ रही है। अगले 48 घंटे में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों से भी मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना है।


