CG News: गरियाबंद जिले के मदनपुर स्थित आदिवासी छात्रावास में रसोई की दाल से दो छात्रों के झुलसने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना 19 सितंबर की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले छात्र ओंकार ध्रुव और मुरली रसोई कक्ष में रखे दाल के कुकर को खोल रहे थे। इसी दौरान गर्म दाल गिरने से दोनों छात्र झुलस गए। हादसे में उनके हाथ, पैर और चेहरे पर चोट आई है।
इलाज के दौरान परीक्षा से हुए वंचित
घायल छात्रों का इलाज जिला अस्पताल में कराया गया। परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई और छात्रों को इलाज के बाद आराम करने के लिए कहा गया। इसके कारण दोनों छात्र त्रैमासिक परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।
बाद में छात्रों ने अपने पालकों को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला सामने आया। अब दोनों छात्रों का इलाज परिजन अपने घर पर करा रहे हैं।


