जगदलपुर। CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अंधविश्वास से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नगरनार थाना क्षेत्र के कोहकापाल गांव में दो 12 वर्षीय बच्चों की कथित नरबलि देने की कोशिश किए जाने का आरोप लगा है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बच्चों ने घर पहुंचकर सुनाई पूरी घटना
जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद ग्रामीणों ने गांव के लखीराम और गुरूसाय पर बच्चों की बलि देने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों का दावा है कि आरोपियों ने अंधविश्वास के चलते देवी को प्रसन्न कर गड़ा धन प्राप्त करने की मंशा से इस वारदात की योजना बनाई थी। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि यह मामला करीब दो महीने पुराना बताया जा रहा है। अब इसकी जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल इस मामले में नगरनार थाने में कोई अपराध दर्ज नहीं हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी को विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।


