CG Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दहेज प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सकरी थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या के बाद मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पति, सास और देवर को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सकर्रा निवासी दुर्गा निर्मलकर (26) की शादी वर्ष 2022 में सैदा निवासी रोहित निर्मलकर से हुई थी। शादी के बाद उनके दो बेटियां हुईं। मायके पक्ष का आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर दुर्गा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।
दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप
मृतका के भाई विदेशी निर्मलकर ने बताया कि ससुराल वाले लगातार 1 लाख 65 हजार रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर दुर्गा के साथ आए दिन मारपीट की जाती थी। परिवार का आरोप है कि दो बेटियां होने के कारण भी उसे प्रताड़ित किया जाता था।
गला घोंटकर फंदे पर शव लटकाया
26 सितंबर को मायके पक्ष को सूचना मिली कि दुर्गा की तबीयत बिगड़ गई है। उसे पहले एक निजी अस्पताल और बाद में सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ससुराल पक्ष ने दावा किया कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
पूछताछ में खुला पूरा मामला
पुलिस पूछताछ में आरोपियों के बयान एक-दूसरे से मेल नहीं खाए। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि दहेज को लेकर विवाद के दौरान पहले दुर्गा के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसके गले में पट्टा डालकर कस दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद शव को कमरे में साड़ी के सहारे फंदे पर लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। पड़ोसियों ने शव को फंदे पर लटका देखा और नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
तीनों आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने मामले में पति रोहित निर्मलकर (30), देवर मोहित निर्मलकर (25) और सास ठगिया निर्मलकर (60) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

