CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खेल सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर में 3 करोड़ 52 लाख रुपए की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए बड़ी सुविधा बनकर तैयार हुआ है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस इस स्टेडियम में खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिल रहा है। इससे जिले के ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
एक ही परिसर में कई खेलों की सुविधा
जशपुर के इस इंडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल के साथ शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस जैसे खेलों के अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे अलग-अलग खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों और युवाओं को अपनी पसंद के खेल में बेहतर प्रशिक्षण लेने का अवसर मिलेगा।
इनडोर सुविधा होने के कारण खिलाड़ी मौसम की परेशानी के बिना नियमित अभ्यास कर सकेंगे। बास्केटबॉल से जहां शारीरिक क्षमता और टीम भावना विकसित होती है, वहीं शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस जैसे खेलों से एकाग्रता और रणनीतिक सोच को बढ़ावा मिलता है।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का मौका
जशपुर जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यहां के युवा क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बास्केटबॉल और टेबल टेनिस जैसे खेलों में रुचि रखते हैं। बेहतर खेल सुविधाएं मिलने से इन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को निखारने और जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी करने में मदद मिलेगी।
विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को इस स्टेडियम से काफी लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास होगा।
खेल अधोसंरचना को मिल रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। जशपुर का मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
आधुनिक खेल सुविधाओं की उपलब्धता से आने वाले समय में जशपुर के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे।



