Tiranga Yatra: धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में विधायक अनुज शर्मा की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। “एक कदम देश के नाम” के संकल्प के साथ आयोजित इस बाइक रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल हुए। विधायक अनुज शर्मा ने विधानसभा चौक से राष्ट्रीय ध्वज लहराकर यात्रा का शुभारंभ किया।
खुद बाइक पर सवार हुए विधायक अनुज शर्मा
विधायक अनुज शर्मा पूरी यात्रा के दौरान खुद बाइक पर सवार होकर सबसे आगे रहे। उनके पीछे सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर आगे बढ़े। भारत माता की जय और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा धरसींवा क्षेत्र गूंजता रहा।
20 गांवों से गुजरकर खरोरा पहुंची यात्रा
विधानसभा चौक से शुरू हुई तिरंगा यात्रा बरोदा, भुरकोनी, मांढ़र, सिलतरा, चरौदा, धरसींवा, कुंरा, देवरी, मनोहरा, कुथरेल, मलौद, कुरुद, सिलयारी, बरतोरी, खौना, कुर्रा, बंगोली, मुरा और मोहरेंगा सहित विभिन्न गांवों से होकर नगर पंचायत खरोरा पहुंची।
यात्रा के दौरान गांव-गांव में स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा, आरती और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया। जगह-जगह लोगों में तिरंगा यात्रा को लेकर उत्साह देखने को मिला।
तिरंगा देश के स्वाभिमान और शहीदों के बलिदान का प्रतीक
यात्रा के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों का स्वाभिमान और अमर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगे का केसरिया रंग वीरता, सफेद रंग शांति और हरा रंग खुशहाली का संदेश देता है, जबकि अशोक चक्र देश की निरंतर प्रगति और गतिशीलता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चौक से खरोरा तक जिस तरह लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में भाग लिया, वह राष्ट्रप्रेम और एकजुटता की भावना को दर्शाता है। यह यात्रा अमर बलिदानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी है।
देश की उन्नति में योगदान देने का संकल्प
विधायक ने कहा कि भारत तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। देश को और मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभानी होगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं से देश और प्रदेश की उन्नति में योगदान देने का आह्वान किया।
एकता और अखंडता की रक्षा का लिया संकल्प
तिरंगा यात्रा के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने तथा राष्ट्र को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता पर्व की शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं, युवाओं, मातृशक्ति और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान के साथ यात्रा का गरिमामय समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान धरसींवा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
