Bilaspur News: बिलासपुर के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के सुकुलकारी गांव में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव में दो सगे भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले मस्तूरी CHC और बाद में गंभीर हालत के चलते सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
पचपेड़ी थाना प्रभारी राज सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कमल कुमार महिलांगे, राकेश महिलांगे और जयेश महिलांगे के नाम शामिल हैं। एक नाबालिग आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है।

शराब के भुगतान को लेकर हुई बहस
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुकुलकारी (बड़ेकारी) गांव में रात करीब 8 बजे हुई। राजेंद्र महिलांगे अपने बड़े भाई फूलचंद महिलांगे के साथ गांव के ही कमल महिलांगे के घर गए थे, जहां कथित तौर पर अवैध शराब बेची जाती है।
शराब के भुगतान को लेकर फोन-पे (ऑनलाइन) के माध्यम से दोनों पक्षों में बहस हो गई। इसके बाद राजेंद्र और फूलचंद अपने घर लौट रहे थे।
रहस बेड़ा चौक के पास कमल महिलांगे ने अपने तीन बेटों जयेश महिलांगे, राकेश महिलांगे और रघुवीर महिलांगे के साथ मिलकर दोनों भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में दोनों भाई घायल
अचानक हुए इस हमले में राजेंद्र और फूलचंद के पेट, सीने और कमर में गंभीर चोटें आईं, जिससे वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों की सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची और घायलों को मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
