CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो पिकअप से 214.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1.07 करोड़ रुपए बताई जा रही है। मामले में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना नगरनार थाना क्षेत्र की है।![]()
सीक्रेट सूचना पर नाकाबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक सफेद बोलेरो पिकअप में दो लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर धनपुंजी फॉरेस्ट नाका पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। शनिवार देर रात संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
105 पैकेट मिला गांजा
तलाशी के दौरान वाहन में रखी 9 प्लास्टिक बोरियों से 105 पैकेट गांजा बरामद किया गया। कुल वजन 214.300 किलोग्राम निकला। पुलिस ने गांजे के साथ बोलेरो पिकअप, एक मोबाइल फोन और 700 रुपए नकद भी जब्त किए हैं।
1 आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
वाहन रुकते ही उसमें सवार एक व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस ने चालक को मौके पर पकड़ लिया। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी विजय पांडेय (34) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने फरार साथी का नाम सोनू यादव बताया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
ओडिशा से UP ले जाई जा रही थी खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ से जुड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।


