Bilaspur Lightning Strike: आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, धान रोपाई के दौरान हादसा

Lightning Strike:

Bilaspur Lightning Strike: बिलासपुर में रविवार दोपहर से देर रात तक रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। वहीं, शहर के कई हिस्सों में जलभराव होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, मौसम में आए बदलाव से लोगों को उमस से राहत भी मिली।tcw

धान की रोपाई के दौरान हादसा

पुलिस के अनुसार, कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम निरतू निवासी 65 वर्षीय धरमदास यादव रविवार सुबह करीब 9 बजे अरपा नदी किनारे स्थित अपने खेत में धान की रोपाई करने गए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई।

बारिश से बचने दौड़े, तभी गिरी बिजली

बारिश और तेज गर्जना के बीच किसान खेत के पास छांव की तलाश में मरघट की ओर दौड़े। इसी दौरान आकाशीय बिजली उनकी चपेट में आ गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने किसान को खेत में गिरा देखा और तुरंत उनके परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बारिश से शहर में जलभराव

रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद शुरू हुई तेज बारिश शाम और देर रात तक रुक-रुककर जारी रही। लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हुई और सड़कों पर पानी भर गया। निचले इलाकों सहित कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

आज भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी बिलासपुर में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं। गरज-चमक के साथ वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *