Khairagarh News: इलाज के लिए पर्ची कटाने खड़ी माँ की गोद में मासूम ने तोड़ा दम, मंजर देख रो पड़े लोग

Khairagarh News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिविल जिला अस्पताल खैरागढ़ की ओपीडी में बुधवार की सुबह इलाज के लिए पर्ची कटाने लाइन में खड़ी एक माँ की गोद में उसका एक वर्षीय मासूम बेटे की मौत हो गई। इस मंजर को देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

जानकारी के अनुसार, टेकाडीह निवासी खेलन यादव का पुत्र तोमेश यादव (उम्र 1 वर्ष) जन्म से ही कुपोषित था। गरीब परिवार मजदूरी और पशुपालन कर किसी तरह जीवन यापन करता है। तोमेश को लंबे समय से सर्दी, खांसी और निमोनिया की शिकायत रहती थी। बुधवार को तबीयत बिगड़ने पर माँ उसे लेकर अस्पताल पहुँची। पर्ची कटाने के दौरान अचानक बच्चे ने हरकत करना बंद कर दिया। तत्काल डॉक्टरों को बुलाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी, चिकित्सकों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

मौत की खबर सुनते ही माँ, पिता और दादी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में मौजूद हर व्यक्ति की आँखें नम हो गईं। शाँतिदूत संगठन ने परिवार की तत्काल आर्थिक मदद की और मुक्तांजलि एक्सप्रेस से शव को गाँव तक पहुँचाया गया।

यह घटना ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत उजागर करती है। आज भी कई परिवार गरीबी और जागरूकता के अभाव में समय पर उपचार नहीं करा पाते। शाम को टेकाडीह में गमगीन माहौल में मासूम का अंतिम संस्कार किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *