CG Breaking: जन्मदिन के दिन ही मौत; कोचिंग जा रही छात्रा को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने रौंदा

Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में जन्मदिन के दिन एक छात्रा की जिंदगी दर्दनाक सड़क हादसे में खत्म हो गई। जन्मदिन के दिन कोचिंग के लिए निकली छात्रा को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक घटनास्थल से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।

 

जानकारी के अनुसार, यह घटना बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र की है। रिसदा गांव में रहने वाली छात्रा कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी। तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने छात्रा को पीछे से ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा के सिर में लगी गंभीर चोट से वह बेसुध हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना से घर में खुशियों की जगह मातम पसर गया।

 

हादसे के तुरंत बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, आसपास मौजूद ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो का नंबर नोट कर पुलिस को सूचना दे दी है। मस्तूरी पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *