कोरबा में प्रेमी-जोड़े ने मौत से पहले रचाई शादी: मांग में सिंदूर, गले में मंगलसूत्र पहन, दोनों ने लगाई फांसी

Korba News : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर गांव के पास एक खेत में प्रेमी युगल के शव मचान से लटके मिले। युवक और युवती रिश्ते में एक-दूसरे के नजदीकी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। दोनों बुधवार शाम से लापता थे और गुरुवार सुबह उनका शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

 

मृतकों की पहचान युवक (उम्र लगभग 20 वर्ष) और युवती (उम्र लगभग 18 वर्ष) के रूप में हुई है। युवती मूलतः करमंदी उरगा क्षेत्र की रहने वाली थी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो युवती के गले में मंगलसूत्र और माथे पर सिंदूर देखा गया। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि दोनों ने आत्महत्या करने से पहले विवाह कर लिया था।

 

घटनास्थल से जली हुई लकड़ियां भी बरामद की गई हैं, जिससे यह भी संभावना जताई जा रही है कि उन्होंने विवाह की रस्में निभाते हुए सात फेरे लिए होंगे। इसके बाद दोनों ने एक ही मचान पर अलग-अलग रस्सियों से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

 

थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन वे आपस में रिश्तेदार भी थे, जिससे आशंका है कि परिवार वालों ने उनके रिश्ते को स्वीकार नहीं किया होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *