CG News: धमतरी जिले में भैंस तस्करी का मामला सामने आया है। नगरी थाना क्षेत्र में पिकअप वाहन पलटने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पांच भैंसों को बरामद किया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना नगरी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्राघाटी-चमेदा मार्ग की है। एक पिकअप वाहन हादसे का शिकार हो गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो वाहन में भरी भैंसों को देखकर तस्करी का खुलासा हुआ।
कत्लखाने ले जा रहे थे भैंस
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पाइप भाटा निवासी ओंकार कुर्रे और उसके दो साथी पांच भैंसों को पिकअप वाहन में भरकर नवरंगपुर के कत्लखाने ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन पलट गया।
पिकअप में भरी थीं भैंसें
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों के पास मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। भैंसों को छोटी पिकअप में ठूंसकर अमानवीय तरीके से ले जाया जा रहा था।
मामले में नगरी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



