CG Tower Suicide: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक महिला ने थाना परिसर के सामने स्थित वायरलेस टॉवर पर चढ़कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की जांच जारी है।![]()
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान निलिमा लकड़ा (22) निवासी ग्राम धुमाडांड के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि महिला लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थी और पूर्व में भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। बताया जा रहा है कि वह मोबाइल पर आत्महत्या से जुड़े वीडियो अक्सर देखा करती थी।
परिजनों के मुताबिक एक दिन पहले निलिमा अपनी 4 साल की बेटी का आधार कार्ड बनवाने के लिए इधर-उधर भटक रही थी। बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए वह अपनी मां के साथ अस्पताल भी गई थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई थी और रिश्तेदार उसकी तलाश कर रहे थे।
मंगलवार सुबह महिला ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को अपनी जानकारी दी। इसके कुछ ही देर बाद वह थाना परिसर के सामने स्थित वायरलेस टॉवर पर चढ़ गई और वहां फांसी लगा ली।
घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस, नगर सेना, डीडीआरएफ और नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और बचाव दल ने महिला को लगातार समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। अधिकारियों ने बातचीत के जरिए उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन महिला ने टॉवर पर ही आत्महत्या कर ली।
टॉवर की ऊंचाई अधिक होने के कारण शव को नीचे उतारने में काफी परेशानी हुई। पुलिस मामले की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

