Raipur Mahadev Ghat: 8% कम बजट में बनेगा महादेव घाट कॉरिडोर, मंजूरी के लिए सरकार को भेजा गया प्रस्ताव

Raipur Mahadev Ghat

Raipur Mahadev Ghat: नगर निगम रायपुर के चार प्रमुख विकास प्रोजेक्ट्स में शामिल महादेव घाट कॉरिडोर का निर्माण तय बजट से लगभग 8 प्रतिशत कम लागत में किया जाएगा। निगम द्वारा तैयार 18 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट के मुकाबले यह प्रोजेक्ट अब 17 करोड़ 60 लाख रुपये में पूरा होगा। टेंडर प्रक्रिया में कम दर आने के बाद नगर निगम ने निविदा स्वीकृत कर रेट अप्रूवल के लिए राज्य शासन को प्रस्ताव भेज दिया है।

महादेव घाट कॉरिडोर के अलावा तेलीबांधा ट्रेड टॉवर, बूढ़ापारा सीएसईबी ऑफिस से टिकरापारा होते हुए पचपेढ़ी नाका तक गौरवपथ निर्माण और शहर के 18 प्रमुख चौक-चौराहों को यातायात अनुकूल बनाने से जुड़े टेंडर भी स्वीकृत कर शासन को भेजे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक शासन से मंजूरी मिलते ही भूमिपूजन के बाद नए साल से सभी प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इन सभी योजनाओं पर कुल करीब 108 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं के टेंडर नवंबर के पहले सप्ताह में आमंत्रित किए गए थे। 21 दिनों की तय समय-सीमा के बाद जब निविदाएं खोली गईं तो स्थानीय एजेंसियों के साथ अन्य राज्यों की कंपनियों ने भी हिस्सा लिया। तेलीबांधा ट्रेड टॉवर, जिसकी अनुमानित लागत 38 करोड़ रुपये थी, उसके लिए 37 करोड़ रुपये की न्यूनतम दर प्राप्त हुई। वहीं महादेव घाट कॉरिडोर के लिए 18 करोड़ के मुकाबले 1 करोड़ 44 लाख रुपये कम की दर स्वीकृत की गई।

शहर के 18 चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण और यातायात सुधार का टेंडर भी करीब 7 प्रतिशत कम दर पर स्वीकृत हुआ है। इसकी अनुमानित लागत 5 करोड़ 50 लाख रुपये थी, जिसमें अब और कमी आएगी। अधिकारियों ने बताया कि खम्हारडीह पानी टंकी का काम यदि मार्च से पहले पूरा हो जाता है तो आने वाली गर्मियों में कचना और आसपास के इलाकों में जल संकट से राहत मिलेगी।

3 एजेंसियां मिलकर करेंगी महादेव घाट कॉरिडोर का निर्माण

महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित होने वाले महादेव घाट कॉरिडोर का कार्य नगर निगम के साथ सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए विधायक राजेश मूणत के निर्देश पर दो अलग-अलग आर्किटेक्ट से प्रस्ताव मंगाए गए थे। योजना के तहत कॉरिडोर के रास्ते में आने वाली दुकानों को हटाए बिना ही व्यवस्थित किया जाएगा, जबकि सामाजिक भवनों के मार्ग को कॉरिडोर से अलग किया जाएगा। कॉरिडोर निर्माण कार्य महादेव घाट चौक के पास पेट्रोल पंप के सामने से शुरू होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *