CG Breaking: सुशासन तिहार के दौरान गिरा पीपल का पेड़, 7 लोग घायल

CG Breaking

CG Breaking: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में चल रहे सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर खाना बनाने की तैयारी के बीच अचानक एक विशाल पीपल का पेड़ गिर पड़ा। हादसे में मौके पर मौजूद सात लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।tcw

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर खाना बनाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ पुराना पीपल का पेड़ बीच से टूटकर जमीन पर गिर गया। पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। सभी घायलों के हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं। चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पेड़ के पुराने और कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *