CG Bus Fare Hike: छत्तीसगढ़ में डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच बस यात्रियों को जल्द बड़ा झटका लग सकता है। प्रदेश के बस संचालकों ने किराया बढ़ाने की मांग तेज कर दी है। छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ के पदाधिकारियों ने परिवहन मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात कर किराया वृद्धि को लेकर ज्ञापन सौंपा है।![]()
महासंघ का कहना है कि डीजल, टायर, बीमा, मरम्मत, स्पेयर पार्ट्स और कर्मचारियों के वेतन समेत बस संचालन से जुड़े सभी खर्चों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में परिवहन व्यवसाय आर्थिक संकट से गुजर रहा है। महासंघ ने सामान्य बस किराए में 50 प्रतिशत और एसी बसों के किराए में 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष सैयद अनवर अली ने बताया कि राज्य में आखिरी बार सितंबर 2021 में बस किराए में संशोधन किया गया था। इसके बाद संचालन लागत लगातार बढ़ती रही, लेकिन किराए में कोई बदलाव नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में डीजल की कीमतों में कई बार बढ़ोतरी होने से बस संचालकों की आर्थिक स्थिति और खराब हो गई है।
महासंघ के अनुसार, केवल डीजल ही नहीं बल्कि बसों की चेचिस, बॉडी निर्माण, टायर, बीमा और मरम्मत का खर्च भी काफी बढ़ चुका है। इसके अलावा परिवहन विभाग द्वारा लागू किए गए नए सुरक्षा नियमों जैसे फिटनेस जांच, सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, पैनिक बटन और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट से भी अतिरिक्त खर्च बढ़ा है।
बस संचालकों ने उदाहरण देते हुए बताया कि रायपुर से जगदलपुर तक वर्तमान किराया करीब 600 रुपये है, जो बढ़ोतरी के बाद 700 से 750 रुपये तक पहुंच सकता है। वहीं रायपुर से दुर्ग का किराया 50 रुपये से बढ़कर 75 रुपये तक हो सकता है।
महासंघ ने सरकार से डीजल की कीमतों के अनुसार बस किराए को जोड़ते हुए स्थायी नियम बनाने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में ईंधन की कीमतों के अनुसार किराए में पारदर्शी तरीके से संशोधन किया जा सके।


