CG Kidnapping: 1 माह के मासूम का अपहरण, झाड़-फूंक के बहाने बच्चे को उठा ले गई महिला 

CG Kidnapping: जशपुर जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने एक माह के मासूम बच्चे के अपहरण के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।

 

मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम मरंगीपाठ की रहने वाली एक पहाड़ी कोरवा महिला अपने एक माह के बच्चे का इलाज कराने जिला अस्पताल जशपुर आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक अज्ञात महिला से हुई, जिसने झाड़-फूंक के जरिए बच्चे को ठीक करने का भरोसा दिलाकर परिवार का विश्वास जीत लिया।

 

होटल में खाना खाने के दौरान लेकर हुई फरार

 

जानकारी के अनुसार आरोपी महिला इलाज के बहाने पूरे परिवार को जशपुर बस स्टैंड लेकर गई। वहां उसने परिजनों को हड़िया पिलाई और बाद में एक होटल में भोजन कराने ले गई। इसी दौरान जब बच्चे के माता-पिता खाना खाने में व्यस्त थे, आरोपी महिला मासूम को लेकर मौके से फरार हो गई।

 

CCTV फुटेज से मिला सुराग

 

बच्चे के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने सिटी कोतवाली जशपुर में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और बस स्टैंड सहित आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

 

बगीचा से आरोपी महिला गिरफ्तार

 

तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान कर उसे बगीचा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक माह के मासूम बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।

 

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *