Raipur Murder: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तिल्दा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब की लत से परेशान बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान 70 वर्षीय संतु कोठरी के रूप में हुई है, जो रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। जानकारी के अनुसार, संतु कोठरी को शराब पीने की आदत थी और वे अक्सर घर में लोगों को बुलाकर शराब पार्टी किया करते थे। इसी बात को लेकर उनका बेटा बीरेंद्र कोठारी उर्फ राजू उनसे नाराज रहता था।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात पिता-पुत्र के बीच इसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी बेटे ने घर में आग जलाने वाली लकड़ी से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने संतु कोठरी के सीने और शरीर के कई हिस्सों पर वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर में ही रखा हुआ था। घटना की जानकारी वार्ड पार्षद द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही तिल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे बीरेंद्र कोठारी उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
