CG Kidnapping: उधारी के पैसों के लिए युवक का अपहरण, लग्जरी कार में बैठाकर फरार

CG Kidnapping:

CG Kidnapping: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सरायपाली में फिल्मी स्टाइल में युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। उधारी की रकम वसूलने के लिए छह आरोपी एक युवक को जबरदस्ती लग्जरी कार में बैठाकर ओडिशा ले जा रहे थे। सरायपाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर युवक को सुरक्षित मुक्त करा लिया।

पुलिस के मुताबिक 14 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हुंडई शोरूम के पास से एक युवक का अपहरण कर कुछ लोग कार से ओडिशा की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की।

तलाशी के दौरान पुलिस ने ओडिशा नंबर की कार को रोककर जांच की। कार में सवार आरोपियों ने अपने नाम देबार्चन मलिक, राजेश मलिक, रंजन प्रधान, भागीरथी बेहरा, बंशीधर बंछोर और कुनु बाघ बताए। जांच में सामने आया कि सभी आरोपी मिलकर चट्टीगिरोला निवासी 32 वर्षीय निरंजन दास का अपहरण कर उसे जबरन ओडिशा ले जा रहे थे।

पीड़ित निरंजन दास ने पुलिस को बताया कि उसने देबार्चन मलिक से 3 लाख 50 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसमें से 50 हजार रुपये वापस कर चुका था। बाकी रकम की वसूली के लिए आरोपी अपने साथियों के साथ पहुंचे और जबरदस्ती उसे कार में बैठा लिया। आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए ओडिशा ले जा रहे थे।

सरायपाली पुलिस ने युवक को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया और घटना में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *