CG Weather Update: भीषण गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश के साथ ओलावृष्टि देखने को मिली है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश में इसी तरह के मौसम बने रहने की संभावना जताई है।![]()
गुरुवार को रायगढ़ और गरियाबंद जिले के कई इलाकों में जमकर ओले गिरे। खासकर गरियाबंद के इंदागांव, उदंती और जुगाड़ क्षेत्र में ओलावृष्टि इतनी तेज रही कि सड़कों और खेतों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। नेशनल हाईवे 130C पर भी ओलों की मोटी परत देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। हालांकि गर्मी का असर अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। दुर्ग में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन 14 जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।



