Mahadev Betting App: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत ने 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। 8 दिन की CBI कस्टडी पूरी होने के बाद गुरुवार को उसे कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया।
सुनवाई के दौरान CBI ने सौरभ चंद्राकर की दोबारा कस्टोडियल रिमांड नहीं मांगी। इसके बाद अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
ED की याचिका खारिज
सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपने गैर-जमानती वारंट को निष्पादित कराने के लिए अदालत में आवेदन पेश किया, लेकिन कोर्ट ने इसे स्वीकार नहीं किया और आवेदन खारिज कर दिया। अदालत में ED की ओर से अधिवक्ता सौरभ पांडे ने पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता तुषार गिरी ने पैरवी की।
हाई सिक्योरिटी के बीच जेल पहुंचा सौरभ
सुनवाई के बाद CBI अधिकारी और पुलिस की कड़ी सुरक्षा में सौरभ चंद्राकर को कोर्ट से केंद्रीय जेल ले जाया गया। जेल में प्रवेश के दौरान वह अपने हाथ में झोला लेकर अंदर जाता नजर आया।
Mahadev Betting App: भारी भीड़ के बीच सौरभ चंद्राकर रायपुर कोर्ट में पेश, 4 अफसरों को CBI का नोटिस
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI और ED दोनों एजेंसियां अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही हैं। अब सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रहेगा।
4 अधिकारियों को भेजा गया नोटिस
महादेव सट्टा नेटवर्क की जांच के दौरान CBI अब कथित सरकारी संरक्षण और आर्थिक लेनदेन की कड़ियों की भी जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टेबाजी से हासिल रकम किन अधिकारियों, कारोबारियों और अन्य लोगों तक पहुंचाई जाती थी।
इसी सिलसिले में CBI ने 4 अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है। एजेंसी उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी।
पिछली सुनवाई में ED का आवेदन हुआ था खारिज
सौरभ चंद्राकर की पिछली पेशी के दौरान ED ने कोर्ट में आवेदन देकर अपने वारंट को लागू करने और पूछताछ की अनुमति मांगी थी। हालांकि उस समय CBI की रिमांड जारी होने के कारण कोर्ट ने ED के आवेदन को समय से पहले बताया था।
अब CBI की रिमांड समाप्त होने के बाद ED दोबारा कोर्ट का रुख कर सकती है। यदि अदालत अनुमति देती है तो ED भी सौरभ से पूछताछ कर सकेगी।
8 दिन तक किन बिंदुओं पर हुई पूछताछ
CBI ने रिमांड के दौरान सौरभ चंद्राकर से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सट्टे से अर्जित रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों व अन्य लोगों की भूमिका रही।
2022 में दर्ज हुई थी पहली FIR
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज हुई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर 2022 को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की।
बाद में CBI ने भी इस मामले की जांच अपने हाथ में ली। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले से जुड़ी 13 FIR की जांच CBI को सौंपी थी, जिनमें से 2 मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। वहीं ED भी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समानांतर जांच कर रही है।
116 दिन बाद ओमान से भारत लाया गया
CBI के अनुसार, सौरभ चंद्राकर लंबे समय से फरार था और दुबई से महादेव सट्टा नेटवर्क संचालित करने का आरोप है। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था।
8 जुलाई 2026 को ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। प्रत्यर्पण प्रक्रिया पूरी होने के बाद CBI की टीम 1 नवंबर को उसे भारत लेकर आई।
भारत आने से पहले जताई थी सुरक्षा की मांग
ओमान में हिरासत के दौरान सौरभ चंद्राकर ने भारत आने पर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की थी। उसने दावा किया था कि महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े प्रभावशाली लोगों से उसे जान का खतरा है।
साथ ही उसने जांच एजेंसियों के सामने नेटवर्क के राजनीतिक संबंधों, पैसों के लेन-देन और विदेशों में मौजूद संपत्तियों से जुड़ी जानकारी साझा करने की इच्छा भी जताई थी।





