CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। ताजा बुलेटिन के अनुसार तापमान में मामूली गिरावट दर्ज हो सकती है।
राजनांदगांव सबसे गर्म
बुधवार को प्रदेश में गर्मी का असर तेज रहा। राजनांदगांव 44 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं रायपुर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
माना एयरपोर्ट: 43.5 डिग्री सेल्सियस
बिलासपुर: 42.6 डिग्री सेल्सियस
दुर्ग: 42.6 डिग्री सेल्सियस
अंबिकापुर: 41.1 डिग्री सेल्सियस
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके बाद 3 दिनों तक तापमान स्थिर रहने की संभावना है।
5 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
प्रदेश के सभी संभागों में अगले 5 दिनों तक एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
प्रदेश में मौसम परिवर्तन के पीछे तीन प्रमुख सिस्टम सक्रिय हैं। एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास बना हुआ है। इसके अलावा दो द्रोणिकाएं अलग-अलग क्षेत्रों में फैली हुई हैं, जिससे मौसम में बदलाव हो रहा है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रहने और शाम या रात में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


