Valentine Day: रायपुर: वेलेंटाइन डे के मौके पर शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और कपल्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा के मद्देनजर रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र के पार्कों, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून हाथ में लेने वालों और युवाओं को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि बीते वर्ष क्रिसमस के दौरान मैगनेटो मॉल में हुई अव्यवस्था को देखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वेलेंटाइन डे पर शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इन स्थानों पर रहेगी विशेष तैनाती
ऊर्जा पार्क, मैगनेटो मॉल, जोरा मॉल, सिटी सेंटर मॉल, गांधी उद्यान गार्डन, मोतीबाग गार्डन, कलेक्ट्रेट गार्डन, निगम गार्डन और राम मंदिर समेत कई सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त जवानों की भी व्यवस्था की गई है।

असामाजिक तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई
रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में वेलेंटाइन डे को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है। असामाजिक तत्वों, मनचलों और हुड़दंगियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि यदि किसी संगठन या समूह द्वारा युवक-युवतियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया गया, तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
