CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल स्थिर बना हुआ है। वैलेंटाइन डे पर घूमने का प्लान बना रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सात दिनों तक प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राजधानी रायपुर में दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि सुबह के वक्त हल्की धुंध छाए रहने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटों का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। अधिकतम तापमान रायपुर में 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली प्रभावी नहीं है, जिसके कारण मौसम शुष्क बना हुआ है। अगले दो दिनों तक भी बारिश की कोई संभावना नहीं है और न ही कोई अलर्ट जारी किया गया है।

रायपुर का मौसम
रायपुर में शनिवार को भी मौसम साफ और शुष्क रहेगा। सुबह के समय धुंध रह सकती है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बदलते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य का ध्यान रखें और सुबह के समय धुंध के दौरान सावधानी बरतें।
