CG Weather Update: हिमालय से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते छत्तीसगढ़ में भीषण ठंड पड़ रही है। प्रदेश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। खासकर सरगुजा संभाग में ठंड का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में पैरावट पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ में तब्दील हो रही हैं। यहां रात का तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में ठंड और बढ़ेगी। इसे देखते हुए विभाग ने छत्तीसगढ़ के 18 जिलों में शीतलहर (कोल्ड वेव) का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। उल्लेखनीय है कि बीते 28 दिनों में प्रदेश में ठंड से जुड़ी घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो चुकी है।
पिछले 24 घंटों का हाल
पिछले 24 घंटों के मौसम की स्थिति पर नजर डालें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग जिले में 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।

सिनोप्टिक सिस्टम का असर
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। यह पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 3 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। वहीं उत्तर भारत के ऊपर करीब 12 किलोमीटर की ऊंचाई पर तेज रफ्तार से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं, जिसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी ठंड बढ़ गई है।
राजधानी रायपुर में धुंध के आसार
राजधानी रायपुर में आज धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है। रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 12.4 डिग्री रहा। माना क्षेत्र में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड से और सतर्क रहने की आवश्यकता बताई है।
