CM Jan Darshan: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सरकारी आवास में वर्ष का पहला जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेशभर से आए नागरिकों द्वारा कुल 1950 आवेदन प्रस्तुत किए गए। मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को तत्काल ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र प्रदान किए। महासमुंद जिले की लकवाग्रस्त महिला बसंती साव को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता योजना के तहत इलाज के लिए 5 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। वहीं तात्यापारा निवासी श्रमिक हनुमंत राव का मौके पर ही राशन कार्ड बनवाने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संवेदनशीलता ही सुशासन का आधार है। जनदर्शन के माध्यम से सरकार आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर आवेदन को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
