CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। वहीं उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है।
बीते दिन का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक दुर्ग जिले के एक-दो स्थानों पर शीतलहर दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।

रायपुर का तापमान सामान्य के आसपास
राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा। दिन में हल्के बादल छाए रहे और शाम के समय ठंडक महसूस की गई। हवा की औसत गति 2 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि 25 दिसंबर को रायपुर में सुबह के समय कुहासा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

प्रदेश में मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं। अगले एक से दो दिनों तक भी प्रदेश में सूखा मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के इन इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट, 3 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
