Durg News: दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में चोरी करने वाली महिला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश किया और मौका पाकर सोने के टाप्स चोरी कर फरार हो गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और चोरी का सामान बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रिसाली स्थित उपहार ज्वेलर्स में एक महिला ग्राहक बनकर पहुंची। दुकान में जेवर देखने के दौरान उसने एक जोड़ी सोने के टाप्स चुपचाप चोरी कर लिए और वहां से निकल गई। घटना की जानकारी मिलते ही दुकानदार ने नेवई थाना में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान संगीता कोठारी के रूप में की गई। साथ ही मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक जोड़ी सोने का टाप्स और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है। फिलहाल नेवई थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
