Balodabazar News: बलौदाबाजार जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बुड़गहन में मंगलवार सुबह जमनइया नाले में एक अज्ञात महिला की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पानी में लंबे समय तक पड़े रहने के कारण शव का अधिकांश हिस्सा गल चुका है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह ग्रामीणों ने नाले के किनारे महिला का शव देखा तो तुरंत कोटवार के माध्यम से कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस का कहना है कि यह स्पष्ट नहीं है कि शव कहां से आया और महिला की मौत कैसे हुई। ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर महिला की पहचान में जुट गई है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
