CG Murder: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दो नकाबपोश बाइक सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना सक्ती थाना क्षेत्र के जोंगरा गांव की है। मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह हर्बल लाइफ के प्रोडक्ट का व्यवसाय करती थी।![]()
बाइक से पहुंचे थे दो नकाबपोश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो युवक बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे। दोनों नकाब पहने हुए थे। आरोपियों ने पूर्णिमा चौहान पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

