Raipur Accident: आरंग-भिलाई मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने आरंग-राजिम (नयापारा) मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। मृतक की पहचान मनोज धीवर (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज किसी काम से घर से निकला था, तभी तेज रफ्तार हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मुआवजे और सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और भारी वाहनों की गति पर रोक लगाने की मांग की।
मौके पर तहसीलदार और पुलिस टीम
चक्काजाम की सूचना मिलने के बाद आरंग तहसीलदार और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया। अधिकारी ग्रामीणों से चर्चा कर जाम खत्म कराने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से मृतक परिवार को सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया जा रहा है।
किसान नेता ने रखी अंतरिम राहत की मांग
मौके पर मौजूद किसान नेता परसनाथ साहू ने बताया कि मनोज सुबह तालाब की ओर जा रहा था, इसी दौरान हाइवा की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मृतक परिवार को तत्काल अंतरिम आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए।
अधिकारियों की समझाइश और मांगों पर चर्चा के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। जाम के चलते कुछ समय तक आरंग-राजिम मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


