CG Truck Accident: कोरबा के राताखार इलाके में देर रात एक तेज रफ्तार कबाड़ से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। हादसे के समय घर के भीतर परिवार के लोग सो रहे थे, लेकिन सभी बाल-बाल बच गए। टक्कर से मकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
नियंत्रण खोने से मकान में घुसा ट्रक
यह हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरंग चौक मुख्य मार्ग पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज रफ्तार में था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
चालक फरार
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास तलाश कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में ले लिया। बाद में दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकाला गया और उसे थाने ले जाकर जब्त कर लिया गया।
ट्रक में मिला 20.86 टन कबाड़
पुलिस की जांच में ट्रक से 20 हजार 860 किलोग्राम कबाड़ बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कबाड़ कहां से लाया गया था और किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि ट्रक के मकान में घुसने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।



