CG News: अंबिकापुर के सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले कक्षा 9वीं के छात्र ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
परिजनों की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर, हॉस्टल वार्डन समेत 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हॉस्टल से चला गया था छात्र
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र का रहने वाला नाबालिग छात्र बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ता है। परिजनों ने उसकी पढ़ाई के लिए उसे स्कूल के हॉस्टल में रखा था।
दीपावली की छुट्टियां खत्म होने के बाद छात्र वापस हॉस्टल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि 22 नवंबर को वह हॉस्टल से चला गया था। इसके बाद स्कूल प्रबंधन उसे वापस लेकर आया और फिर हॉस्टल में रखा गया था।
परिजनों ने लगाया कैद करके रखने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि छात्र को हॉस्टल में कैद करके रखा गया था। इससे नाराज होकर रविवार शाम उसने हॉस्टल की दूसरी मंजिल के रोशनदान से छलांग लगा दी। हादसे में छात्र के हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं। स्कूल प्रबंधन ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर किया गया।
परिजनों का कहना है कि छात्र के हॉस्टल से जाने और वापस लाए जाने की जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय अभिभावक छात्र को लेने पहुंचे थे, लेकिन उसे उनके साथ नहीं भेजा गया।
असिस्टेंट डायरेक्टर समेत 4 लोगों पर FIR
मामले में गांधीनगर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 के तहत एफआईआर दर्ज की है। थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घायल छात्र का इलाज जारी है।
पहले भी विवादों में आया था स्कूल
बिरला ओपन माइंड्स स्कूल इससे पहले भी विवादों में रह चुका है। इससे पहले एक शिक्षक द्वारा छात्र से 100 बार गाली लिखवाने का मामला सामने आया था। उस समय जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल पहुंचकर मामले की जांच की थी। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षक को हटा दिया था।

