CG Women Missing: गौरेला-पेंड्रा जिले में तीन युवतियों और एक विवाहिता के लापता होने के मामले सामने आए हैं। चारों मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने कुछ मामलों में अज्ञात लोगों द्वारा प्रलोभन देकर ले जाने की आशंका जताई है, जबकि एक मामले में एक युवक पर संदेह व्यक्त किया गया है।
3 मामले गौरेला थाना क्षेत्र और एक मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है। पुलिस लापता युवतियों और महिला की तलाश में जुटी हुई है।
बेटी घर से निकली, फिर नहीं लौटी
गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम डाहीबहरा निवासी लल्ली बाई भैना ने पुलिस को बताया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी सीता भैना बिना किसी जानकारी के घर से चली गई थी। काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
कॉलेज जाने के बाद लापता हुई युवती
ग्राम पडखुरी निवासी मोहन सिंह ने बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी भारती गोंड महिला महाविद्यालय गौरेला में पढ़ाई करती है। वह दोपहर करीब 12 बजे घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। युवती के पिता ने भी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रलोभन देकर ले जाने की आशंका जताई है।
रेलवे स्टेशन से गायब हुई युवती
ग्राम बढ़ावनडांड निवासी संतोष सोनवानी ने बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी प्रीति सोनवानी मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के मलाया गांव स्थित नानी के घर से ट्रेन के जरिए गौरेला लौट रही थी।
रात करीब 11 बजे उसने फोन कर बताया था कि वह गौरेला रेलवे स्टेशन के कमानिया गेट के पास पहुंच गई है। इसके बाद पिता उसे लेने पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं मिली। कुछ समय बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया।
परिजनों ने बचरवार थाना पेंड्रा निवासी गोलू साहू पर बेटी को प्रलोभन देकर ले जाने का संदेह जताया है।
घर में अकेली थी पत्नी, हो गई लापता
पेंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम महोरा मझेटोला निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि वह काम के सिलसिले में पेंड्रा गया हुआ था। इसी दौरान उसकी मां सावित्रीबाई ने फोन कर जानकारी दी कि उसकी पत्नी अनीता देवी बिना बताए घर से चली गई है।
काफी तलाश करने के बाद भी अनीता देवी का कोई सुराग नहीं मिला। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पत्नी को ले जाकर कहीं छिपाकर रखा है।
पुलिस कर रही तलाश
चारों मामलों में गौरेला और पेंड्रा पुलिस ने बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस लापता महिलाओं और युवतियों की तलाश के साथ ही सभी मामलों में संभावित कारणों की जांच कर रही है।


