Raipur Air Show: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर नया रायपुर स्थित सेंध लेक में भारतीय वायुसेना का दो दिवसीय एयर शो आज (2 नवंबर) दूसरे दिन भी आयोजित किया जाएगा। सुबह 11:30 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में दर्शकों को वायुसेना के जवानों और हेलिकॉप्टरों के रोमांचक हवाई करतब देखने को मिलेंगे।
एयर शो में भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपने पांच हेलिकॉप्टरों के साथ आकर्षक हवाई प्रदर्शन करेगी। आसमान में विभिन्न फॉर्मेशन और शानदार समन्वय दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगा।
पहले दिन रोमांचक रहा प्रदर्शन
राज्योत्सव के पहले दिन आकाशगंगा टीम के आठ जवान C-295 विमान से लगभग 8 हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट के जरिए उतरे। इसके बाद MI-17 हेलिकॉप्टर से जवानों ने रस्सी के सहारे तेजी से जमीन पर उतरने का प्रदर्शन कर अपनी दक्षता दिखाई।
वहीं, सारंग टीम के पांच हेलिकॉप्टरों ने आसमान में डायमंड, हार्ट, डॉल्फिन सहित कई आकर्षक आकृतियां बनाकर दर्शकों का मन मोह लिया। छत्तीसगढ़ में सारंग टीम का यह पहला सार्वजनिक प्रदर्शन है।
सारंग टीम दिखाएगी शानदार फॉर्मेशन
आज भी सारंग टीम के हेलिकॉप्टर एक साथ उड़ान भरकर अलग-अलग हवाई फॉर्मेशन बनाएंगे। हेलिकॉप्टरों के बीच सटीक तालमेल, बेहद नजदीक उड़ान और एक साथ दिशा बदलने जैसे करतब कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेंगे।
MI-17 हेलिकॉप्टर से विशेष प्रदर्शन
एयर शो के दौरान MI-17 हेलिकॉप्टर से जवान रस्सी के सहारे जमीन पर उतरने का प्रदर्शन भी करेंगे। इस तकनीक का उपयोग विशेष सैन्य अभियानों और आपात परिस्थितियों में जवानों की त्वरित तैनाती के लिए किया जाता है।
पार्किंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर 700 से 800 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
दर्शकों की सुविधा के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए 20 बसें और 55 ई-रिक्शा की व्यवस्था भी की गई है।



