Chhattisgarh Rajyotsav 2026: नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की पहली शाम बॉलीवुड गायिका पलक मुच्छल की शानदार प्रस्तुति के नाम रही। उद्घाटन समारोह के बाद मुख्य मंच पर पहुंचीं पलक का दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग उनकी लाइव प्रस्तुति का आनंद लेने पहुंचे।
पलक मुच्छल ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत फिल्म ‘एमएस धोनी’ के लोकप्रिय गीत ‘कौन तुझे यूं प्यार करेगा’ से की। इसके बाद उन्होंने ‘चाहूं मैं या ना’ और ‘मेरी आशिकी’ जैसे सुपरहिट गीत गाए। उनकी मधुर आवाज के साथ दर्शक भी गुनगुनाते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर माहौल को और भी यादगार बना दिया।
एक से बढ़कर एक गीतों से बांधा समां
पलक ने अपने कार्यक्रम में ‘तेरे संग यारा’, ‘सनम तेरी कसम’ और ‘लापता’ जैसे कई लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। हर गीत पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। कई लोग अपने पसंदीदा गानों को मोबाइल में रिकॉर्ड करते भी दिखाई दिए।
‘जुम्मे की रात’ पर झूम उठा पंडाल
रोमांटिक गीतों के बाद पलक मुच्छल ने ‘जुम्मे की रात’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसे गीतों से माहौल को जोशीला बना दिया। इन गीतों पर युवा दर्शक जमकर झूमे, जबकि परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने भी कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। पूरी प्रस्तुति के दौरान राज्योत्सव परिसर में उत्साह और संगीत का माहौल बना रहा।
आज और कल भी होंगे रंगारंग कार्यक्रम
तीन दिवसीय राज्योत्सव के तहत आज भी सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रमों का आयोजन होगा। आज गायिका स्वास्ति मेहुल अपनी प्रस्तुति देंगी, जबकि 3 नवंबर को प्रसिद्ध गायक अभिजीत भट्टाचार्य मुख्य आकर्षण रहेंगे।



