CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में तीन दिनों के ब्रेक के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।![]()
उत्तर छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
अब तक 17 प्रतिशत कम हुई बारिश
1 जून से 8 जुलाई तक छत्तीसगढ़ में औसतन 239.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 286.7 मिमी होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
इन जिलों में सामान्य से अधिक बारिश
प्रदेश के कई जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सबसे अधिक 450.7 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 84 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा दंतेवाड़ा में 356.4 मिमी, मुंगेली में 324 मिमी, सक्ती में 318.2 मिमी, महासमुंद में 309.2 मिमी, रायपुर में 297 मिमी और जांजगीर-चांपा में 293.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
सरगुजा में सबसे कम बारिश
सरगुजा जिले में सबसे कम 144.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 53 प्रतिशत कम है। इसके अलावा कांकेर, जशपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मोहला-मानपुर-चौकी, कोंडागांव, बेमेतरा, सुकमा और सूरजपुर में भी सामान्य से काफी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


