Bilaspur NEET Protest: NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में बुधवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सांसद तोखन साहू के निवास का घेराव करने की कोशिश की, जिसके दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझपटी हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।![]()
जानकारी के अनुसार, सांसद निवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने पहले से ही मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था की थी। जैसे ही एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भिलाई विधायक देवेंद्र यादव भी कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में देवेंद्र यादव का कुर्ता फट गया। मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पुलिस ने चलाई वाटर कैनन
प्रदर्शन लगातार उग्र होता देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का सहारा लिया। पानी की तेज बौछारों के बीच भी कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे और NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते रहे।
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
एनएसयूआई नेताओं का कहना है कि NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।



