CG Lioness Attack: बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। तखतपुर क्षेत्र के जंगल में शेरनी के हमले से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शेरनी अपने शावक के साथ घटनास्थल के आसपास मौजूद है, जिसके चलते ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने की सलाह दी गई है।![]()
जंगल में करिल काटने गया था युवक
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बांधा निवासी 25 वर्षीय धरम दास घृतलहरे जोगीपुर जंगल के फॉरेस्ट बीट आरए-98 क्षेत्र में बांस का करिल काटने और पीहरी लेने गया था। इसी दौरान अचानक शेरनी ने उस पर हमला कर दिया।
युवक की गर्दन पर हमला
बताया जा रहा है कि शेरनी ने युवक की गर्दन पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले के बाद वन्यजीव ने शव को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद यह जानकारी सामने आई कि शेरनी अपने शावक के साथ उसी इलाके में मौजूद है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग शेरनी की गतिविधियों पर नजर रख रहा है और पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।


