CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहां शादी को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के करीब 10 महीने बाद पुलिस ने उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती युवक पर शादी करने का दबाव बना रही थी। शादी से इनकार करने पर उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी देती थी। पुलिस ने युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। मामला कोनी थाना क्षेत्र का है।
दोनों के बीच था प्रेम संबंध
पुलिस के अनुसार, बलरामपुर निवासी विकास गुप्ता (22) रायपुर की एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड का काम करते थे। उनके पिता भटगांव में पुलिस विभाग में पदस्थ हैं।
वहीं, सूरजपुर जिले के भटगांव निवासी आकांक्षा सिदार (21) कोनी में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी और लंबे समय से उनके बीच प्रेम संबंध थे।
शादी की बात को लेकर होता था विवाद
जांच में पुलिस को पता चला कि आकांक्षा विकास पर शादी करने का दबाव बना रही थी। शादी नहीं करने पर वह उसे फंसाने की धमकी भी देती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ था।
होटल के कमरे में लगाई आग
पुलिस के मुताबिक, 27 जनवरी 2026 को विकास और आकांक्षा कोनी क्षेत्र के एक होटल में कमरा लेकर ठहरे थे। इसी दौरान शादी की बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद गुस्से में आकर विकास ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना के समय आकांक्षा भी कमरे में मौजूद थी।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद विकास को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर उसे रायपुर रेफर किया गया, जहां 1 फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद कोनी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्य और लोगों के बयान दर्ज किए।
गर्लफ्रेंड गिरफ्तार
पुलिस जांच में मिले सबूतों के आधार पर आकांक्षा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी बनाया गया। पुलिस ने शनिवार को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


