Raipur Petrol Pump Rules: राजधानी रायपुर में हेलमेट अनिवार्यता के नए नियम ने अब एक नया रूप ले लिया है। पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के फैसले के बाद पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने की सख्ती तो लागू की गई, लेकिन अब इसका फायदा उठाते हुए लोग पेट्रोल पंपों के आसपास हेलमेट किराए पर देने का काम करने लगे हैं। केवल 10 रुपए किराया देकर वाहन चालक पेट्रोल भरवा सकते हैं।

रायपुर पेट्रोल पंप में हेलमेट किराए पर (Helmet Rules Raipur)
जानकारी के मुताबिक, बिना हेलमेट पेट्रोल लेने आने वालों को पंप कर्मचारी खुद ही सलाह दे रहे हैं कि पास जाकर 10 रुपए किराए पर हेलमेट ले लो और पेट्रोल भरवा लो। इतना ही नहीं, कई जगहों पर लोग शंकर नगर सहित अलग-अलग इलाकों में पेट्रोल पंपों के आसपास खड़े होकर हेलमेट किराए पर दे रहे हैं।

रायपुर में बिना हेलमेट पेट्रोल
पेट्रोल डीलर एसोसिएशन ने सड़क हादसों को देखते हुए “नो हेलमेट-नो पेट्रोल” (No Helmet No Petrol Raipur) नियम बनाया था और यह निर्णय लिया था कि बिना हेलमेट के किसी भी दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल नहीं मिलेगा। शुरुआत में वाहन चालकों को समझाइश देकर पेट्रोल दिया जा रहा था, लेकिन अब पंप कर्मचारी खुद इस नियम को दरकिनार कर रहे हैं।

जागरूकता के बजाय औपचारिकता
लोगों का कहना है कि हेलमेट पहनने की जागरूकता पैदा करने के बजाय यह सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है। कई उपभोक्ताओं ने विरोध जताते हुए कहा कि यदि कोई चालक किसी दूसरे का या किराए का हेलमेट पहनकर पेट्रोल लेता है तो हेलमेट अभियान का मकसद ही खत्म हो जाता है।

