CG Teacher Vacancy 2026: छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती 2026 के तहत दिव्यांगता की श्रेणी निर्धारण को लेकर राज्य सरकार ने संशोधित जानकारी जारी की है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पूर्ण दृष्टिबाधित (बी) श्रेणी को वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में शामिल करना संभव नहीं है, क्योंकि भर्ती की पूरी प्रक्रिया संशोधित अधिसूचना जारी होने से पहले ही पूरी हो चुकी थी।
पहले जारी हुआ था भर्ती विज्ञापन
सहायक शिक्षक भर्ती के 2,292 पदों के लिए 16 अप्रैल 2026 को संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 24 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर विस्तृत विज्ञापन प्रकाशित किया गया और उसी दिन से ऑनलाइन आवेदन शुरू हुए। आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी।
पहली अधिसूचना में नहीं थी पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी
समाज कल्याण विभाग ने 25 फरवरी 2026 को विभिन्न पदों के लिए दिव्यांगता की चिह्नित श्रेणियों संबंधी अधिसूचना जारी की थी। इसमें सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित (बी) श्रेणी को शामिल नहीं किया गया था। इसी आधार पर भर्ती विज्ञापन में दिव्यांग आरक्षण की श्रेणियां तय की गईं।
बाद में जारी हुई संशोधित अधिसूचना
इसके बाद समाज कल्याण विभाग ने 11 सितंबर 2026 को संशोधित अधिसूचना जारी की, जिसमें सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित (बी) श्रेणी को भी शामिल कर लिया गया।
मौजूदा भर्ती में बदलाव संभव नहीं
सरकार ने स्पष्ट किया है कि संशोधित अधिसूचना जारी होने से पहले भर्ती का विज्ञापन जारी हो चुका था और आवेदन प्रक्रिया भी पूरी हो गई थी। ऐसे में वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी को शामिल करना कानूनी और व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।

