Raipur Double Murder: रायपुर के आरंग क्षेत्र से एक खौफनाक मामला सामने आया है। बीरबीरा गांव में घर में बुजुर्ग पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान सदासी राम साहू (65) और उनकी पत्नी आसबाती (62) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में दोनों की हत्या किसी धारदार नुकीली वस्तु से किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घर में मिले पति-पत्नी के शव
पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग दंपती बीरबीरा गांव में अपने मकान में रहते थे। दोनों खेती-किसानी करते थे और उनके पास करीब 10 एकड़ जमीन है। उनके दो बेटे रायपुर में रहकर काम करते हैं, जबकि दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
एसीपी रायपुर ग्रामीण अभिषेक झा ने बताया कि दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच पुलिस को बुजुर्ग दंपती के खून से लथपथ शव घर में मिलने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक जांच दल को मौके पर बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस फिलहाल बुजुर्ग दंपती की मौत के पीछे की वजह और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और दूसरे संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
