Raipur News: ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं…’ गाने पर हथियारों संग Reel बनाना पड़ा महंगा, 7 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

Raipur News:

Raipur News: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने धरसीवां इलाके में सनसनी फैला दी, जिसमें कुछ युवक “नायक नहीं खलनायक हूं मैं” गाने पर हाथों में धारदार हथियार लहराते हुए फिल्मी स्टाइल में नाचते नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर उन्हें जेल भेज दिया है।

फिल्मी स्टाइल में बनाई थी वीडियो

वायरल वीडियो में युवकों ने हथियारों के साथ खतरनाक अंदाज में रील बनाई थी, जिससे क्षेत्र में खौफ और असुरक्षा का माहौल बन गया था। जैसे ही वीडियो पुलिस तक पहुंचा, धरसीवां थाना प्रभारी ने तत्काल जांच शुरू की। लोकेशन ट्रेस करने पर यह वीडियो कूंरा नगर पंचायत क्षेत्र का पाया गया।

7 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

पुलिस ने तकनीकी और मैदानी जांच के आधार पर वीडियो में नजर आ रहे सात युवकों – चंद्रशेखर पाल, पीयूष रजक, समीर साहू, अर्जुन कुमार साहू, शुशांक नामदेव उर्फ समर देवांगन, अर्जुन यादव और गौरव उर्फ अमन साहू – को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 7 धारदार चाकू बरामद किए गए। सभी के खिलाफ थाना धरसीवां में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

जुलूस निकालकर दिया सख्त संदेश

आम जनता में कानून का विश्वास और बदमाशों के खौफ को खत्म करने के लिए पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला। इस दौरान पुलिस ने लोगों से कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

धरसीवां थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर इस तरह की रील बनाना और समाज में भय का माहौल पैदा करना गंभीर अपराध है। भविष्य में ऐसे किसी भी मामले में पुलिस सख्त कदम उठाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *