Raipur Agrawal company IT Raid : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयकर विभाग (Income tax department) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अग्रवाल ग्लोबल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड (Agrawal Global Infratech Private Limited) में किए गए सर्वे के दौरान ₹21 करोड़ की अघोषित आय का खुलासा किया है। दो दिनों तक चली इस जांच में कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड में भारी अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद संचालकों ने यह आय सरेंडर कर दी।

यह कार्रवाई मुख्य आयकर आयुक्त श्रीमती अपर्णा करण, प्रधान आयकर आयुक्त प्रदीप कुमार हेडाऊ और संयुक्त आयकर आयुक्त वीरेन्द्र कुमार सिंह के निर्देश पर की गई। सर्वे टीम का नेतृत्व आयकर उपायुक्त राहुल मिश्रा ने किया।
कैसे हुई कार्रवाई?
बुधवार को तेलीबांधा स्थित ऐश्वर्या चेम्बर में मौजूद Agrawal Global Infratech Private Limited के कार्यालय में आयकर सर्वे (Income Tax Survey) की शुरुआत हुई। दो दिनों तक चली इस जांच में कंपनी के वित्तीय दस्तावेजों और बहीखातों की बारीकी से जांच की गई। जांच में खर्चों को ज्यादा दिखाने और लाभ को कम दर्शाने के प्रमाण मिले।
आयकर विभाग ने कंपनी के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल डेटा का बैकअप भी लिया है, जो सर्वे रिपोर्ट तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा। इसके आधार पर संचालकों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
15 मार्च तक 6.5 करोड़ अग्रिम कर जमा करने का निर्देश
आयकर विभाग ने कंपनी को 15 मार्च तक लगभग 6.5 करोड़ रुपये अग्रिम कर के रूप में जमा करने का निर्देश दिया है। अब इन दस्तावेजों और बयानों के आधार पर सर्वे रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
कंपनी का कामकाज
अग्रवाल ग्लोबल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड एक प्रतिष्ठित कंस्ट्रक्शन फर्म है, जो रोड, ब्रिज और कॉरिडोर निर्माण के प्रोजेक्ट्स में सक्रिय है। कंपनी छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र और झारखंड में भी अपने प्रोजेक्ट्स चला रही है।
कंपनी के प्रमुख अधिकारी
अग्रवाल ग्लोबल इंफ्राटेक कंपनी में राकेश अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, मनोज अग्रवाल और आर.के. गुप्ता उच्च पदों पर पदस्थ हैं।
आयकर विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से रायपुर के कारोबारी जगत में हलचल मच गई है। आगे की जांच में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
